केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अन्नराज घाटी के तीखे मोड़ को सीधा करने की योजना का किया आनलाइन शिलान्यास

संवाद सहयोगी, गढ़वा : केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं का आनलाइन शिलान्यास व उद्घाटन किया। जिसमें गढ़वा जिले के अन्नराज घाटी के तीखे मोड़ को सीधा करने, घाटी में यातायात सुरक्षा के उपाय को ले स्वीकृत की गई योजना भी शामिल है। 16 करोड़ रुपये की लागत से पूरी होने वाली इस योजना का केंद्रीय मंत्री ने आनलाइन शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री, सांसद विष्णुदयाल राम समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोकसभा व राज्यसभा सांसद शामिल हुए। अन्नराज घाटी के तीखे मोड़ को सीधा करने एवं वहां यातायात सुरक्षा के लिए स्वीकृत योजना का शिलान्यास किए जाने पर सांसद विष्णुदयाल राम ने खुशी जाहिर की है तथा केंद्रीय मंत्री का इसके लिए आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत गढ़वा अन्नराज घाटी में सुरक्षा एवं ट्रैफिक सुधार उपाय के लिए वह लगातार मांग करते रहे हैं। उनकी मांग पर केंद्रीय मंत्री ने इसे स्वीकृति प्रदान की है तथा शनिवार को इसका शिलान्यास भी हो गया है। इससे गढ़वा जिला के एनएच 343 अनराज घाटी में अक्सर हो रही दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को रोका जा सकेगा। इस पथ से गुजरने वाले लोगों को इससे काफी राहत मिलेगी। इससे वर्षों से चली आ रही इस समस्या से लोगों को निजात मिल सकेगी। अन्नराज घाटी के तीखे मोड़ को सीधा करने तथा यहां यातायात सुरक्षा से संबंधित योजना का शिलान्यास होने पर लोगों ने खुशी जाहिर की है तथा इसे सांसद विष्णुदयाल राम के सार्थक प्रयास का परिणाम बताया है।
Comments
Post a Comment