पलामू के सभी पंचायतों को भारत नेट से जोड़ने व झारनेट 2.0 की शुरुआत करने की दिशा में गुरुवार से पहल तेज कर दी गयी है। बुधवार को उपायुक्त शशि रंजन ने समाहरणालय में बैठक कर ई-गवर्नेंस से संबंधित कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने पंचायतों को भारत नेट से जोड़ने, झारनेट 2.0 की शुरुआत करने, झारसेवा में लंबित आवेदनों का निष्पादन करने, आधार पंजीकरण एवं अपडेट करने तथा जिले में चल रहे ई-गवर्नेस की अन्य परियोजनाओं में प्रगति लाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने जिला के वेबसाइट को अपडेट रखने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने कहा कि झारनेट 1.0 की अवधि समाप्त होने को है, इसकी जगह 2.0 की शीघ्र शुरुआत करना अनिवार्य हो गया है ताकि सभी सरकारी कार्यालयों में अच्छी इंटरनेट स्पीड की सुविधा मिले और आमजनों के कार्यो के निष्पादन में सहुलियत हो। जिला मुख्यालय के सभी कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय को अच्छी इंटरनेट कनेक्टिविटी दी जानी है। बैठक में सूचना विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि झारनेट 2.0 की शुरुआत के मद्देनजर सभी कार्यालयों को आपस में जोड़ने के लिए ऑप्टिकल फाइवर लिंक और इंटरनल वायरिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसकी शुरुआत की दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। उपायुक्त ने झारनेट में लंबित आवेदन जाति, आय, आवासीय सहित झारसेवा के तहत जारी की जाने वाली सभी प्रमाण पत्रों को 30 दिनों के भीतर जारी करते हुए संबंधित व्यक्तियों को सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंड कार्यलयों में आधार पंजीकरण सेंटर के माध्यम से आधार पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नौडीहा बाजार, पिपरा, हैदरनगर एवं उंटारी रोड प्रखंड कार्यालय में आधार पंजीकरण का कार्य शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सुदूरवर्ती क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता के तहत आधार पंजीकरण करने का निर्देश दिया। बैठक में सूचना विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह, अपर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संजीव कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पंकज पांडेय, डीपीओ यू-आईडी उदय प्रताप सिंह, सीएचसी मैनेजर अरविंद कुमार, झारनेट प्रभारी आनंद कुमार आदि उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment