सांसद वीडी राम ने एनएच से श्री बंशीधर मंदिर को जोड़ने वाली सड़क का किया निरीक्षण, डीपीआर में गड़बड़ी पर अफसरों को फटकारा
चित्तविश्राम के ग्रामीणों की शिकायत के आलोक में निरीक्षण के दौरान सांसद ने श्री बंशीधर मंदिर के बगल में सड़क की स्वीकृति के विपरीत योजना का डीपीआर कम किये जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पथ प्रमंडल के ईई विजय अग्रवाल से पूछा कि राज्य की कैबिनेट से स्वीकृत सड़क की प्रस्तावित लंबाई को किसके आदेश से डीपीआर में कम किया गया है। बकौल सांसद उन्होंने इस सड़क को एनएच 75 से विश्वविख्यात श्री बंशीधर मंदिर को जोड़ते हुए कई गांवों को शहर से जोड़ने के लिए स्वीकृति दिलाई है।
श्री बंशीधर मंदिर तक डीपीआर से बाहर करना सन्देहास्पद है। डीपीआर में छेड़छाड़ किया जाना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद ने विभाग के ईई विजय अग्रवाल को अबिलंब इसमें सुधार कर एनएच 75 से श्री बंशीधर मंदिर होते हुए गरदा सिवाना तक राज्य कैबिनेट की स्वीकृति के अनुरूप सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कई जगहों पर सड़क का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से भी बातचीत की। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क जहां से जहां तक के लिए स्वीकृत हुआ है, वहां तक हर हाल में बनेगा।
विभाग के ईई विजय अग्रवाल ने बताया कि सड़क की स्वीकृत लम्बाई 15.656 किमी थी। डीपीआर 640 मी कम करके बनाया गया है। अब सांसद महोदय के निर्देशन में डीपीआर रिवाइज करने के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण पूर्ण कराया जाएगा।
उस मौके पर पथ निर्माण विभाग के ईई विजय अग्रवाल, भाजपा के शारदा महेश प्रताप देव, ईश्वरी पांडेय, वीरेंद्र चौबे, श्रीकांत मिश्र, लक्ष्मण राम, ओम प्रकाश गुप्ता, मुकेश चौबे, प्रताप जायसवाल, मुखिया सोहन उरांव, अजय प्रसाद, लाला पासवान, कमलेश मेहता, छोटू, फोटो सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
Comments
Post a Comment