विधायक भानु प्रताप शाही की ओर से सोलर सिस्टम जलमीनार में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोपों की जांच शुरू की गई। पिछले दिनों सांसद वीडी राम की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय समिति एवं निगरानी समिति की बैठक में विधायक ने गड़बड़ी की शिकायत की थी। जांच के लिए गुरुवार को पीएचडी विभाग के कार्यपालक दंडाधिकारी दिनेश प्रसाद सुरीन और कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार सिंह पहुंचे। उन्होने भवनाथपुर, मकरी और चपरी पंचायत की कई योजनाओं की जांच की।
अधिकारी द्वय ने भवनाथपुर पंचायत के बुका गांव स्थित तीन कोनियां मोड़ पर और अमोला टोला में लगे सोलर जलमीनार सिस्टम के अलावे शौचालय की जांच की। साथ ही अगल-बगल के लाभुकों से जानकारी प्राप्त की। उस दौरान लाभुकों ने बताया कि उक्त योजना का लाभ तो मिल रहा है लेकिन संवेदक की ओर से ऑटोमैटिक स्टार्टर नहीं लगाया गया। उक्त कारण परेशानी होती है। उसपर विभाग के कार्यपालक दंडाधिकारी ने मुखिया मधुलता कुमारी से सोलर जलमीनार की प्राक्कलन राशि की जानकारी लेते हुए मौके पर उपस्थित पंचायत सेवक सूर्यदेव प्रसाद सिंह से योजना की रेकर्ड की मांग की।
उसपर पंचायत सेवक रेकर्ड नहीं दिखा सके। उसके अलावा चपरी और मकरी पंचायतों में भी कई योजनाओं की जांच की गई। मौके पर बीडीओ रवींद्र कुमार, पीएचइडी के जेई सतीश कुमार, जेई प्रेमचंद गुप्ता, कोर्डिनेटर मंजूर राही, विधायक प्रतिनिधि दयानंद सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय कुमार यादव सहित अन्य उपस्थित थे।::भाजपा-झामुमो कार्यकर्ताओं में नोकझोंक::बुका गांव के लंगड़ी टोला से सोलर जलमीनार की जांचोपरांत लौटने के क्रम में पीएचइडी विभाग के अधिकारियों और बीडीओ रवींद्र कुमार से झामुमो के प्रखंड कमेटी के कार्यकर्ताओं ने अमोला टोला में मुख्यमंत्री जलनल योजना के तहत लगे सोलर जलमीनार में गड़बड़ी की शिकायत की।
Comments
Post a Comment