असामाजिक तत्वों ने अरसली में शिवलिंग को किया क्षतिग्रस्त, झंडा उखाड़कर फेंका, पुलिस के प्रयास से मामला हुआ शांत
रविवार की सुबह तालाब किनारे टहलने गये ग्रामीणों ने झंडा तालाब में फेंका हुआ एवं शिवलिंग को गायब देखा तो आक्रोशित हो गये। सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंचकर हंगामा करने लगे। पुलिस की सक्रियता और उसके प्रयास से मामला शांत हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ अजीत कुमार, बीडीओ रविंद्र कुमार, सीओ संदीप अनुराग टोपनो, थाना प्रभारी सीबी सिंह, बंशीधर नगर थाना प्रभारी पंकज तिवारी, खरौंधी थाना प्रभारी अर्जुन पासवान, एसआई रंजीत महतो, सअनि माणिक राम, अनुज सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
ऐसी घिनौनी कृत्य करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा पुलिस प्रशासन से घटनास्थल पर खोजी कुत्ते की बुलाने की मांग करते हुए ग्रामीण करीब दो घंटे तक धरने पर बैठ रहे। एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा काफी समझाने के बाद भी ग्रामीण नहीं माने।
इसके बाद एसडीपीओ ने एक सप्ताह के अंदर झंडा उखाड़ने एवं शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए गिरफ्तार किये जाने संबंधी लिखित आश्वासन दिये जाने के बाद ग्रामीण धरना से उठे। समाचार लिखे जाने तक पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
सुरक्षा की दृष्टिकोण से गांव में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारी कैम्प किये हुए है। मौके पर पूर्व मुखिया श्यामसुंदर गुप्ता, आजसू नेता जयराम पासवान, बजरंग दल के वेद प्रकाश आर्य, नितीश कुमार, ग्रामीण डोमन चंद्रवंशी, पप्पू राम, आत्मानंद विश्वकर्मा, अरुण गुप्ता, प्रेम चौबे, विनोद गुप्ता,शिव विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सांप्रादायिक सौहार्द बिगाड़ने वालो का मंसूबा नहीं होगा सफल : एसडीपीओ
शनिवार की रात में देवी धाम प्रांगण में लगे झंडे को उखाड़कर तालाब में फेंके जाने और परिसर स्थित शिवलिंग की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किये जाने की जानकारी मिलते ही श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ अजीत कुमार अरसली पहुंचे। उन्होंने घटना से आहत उग्र ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि मंदिर परिसर में इस तरह की घटिया हरकत करने वालो को जल्द ही प्रशासन चिन्हित कर लेगी।
उन्होंने कहा कि आपसी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी जाति और धर्म के असामाजिक तत्वों के मंसूबो को पुलिस सफल नहीं होने देंगे। वैसे लोगो को चिन्हित कर प्रशासन उन पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
अरसली में पूर्व भी घटित हुई है ऐसी घटना
यहां बता दें कि दो वर्ष पूर्व भी अरसली उतरी के लामी टोला स्थित चबूतरा पर स्थापित शिवलिंग को असामाजिक तत्वों ने उखाड़ कर फेंक दिया था। साथ ही चबूतरा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
घटना की सूचना पर जिले के तत्कालीन एसपी सुधीर झा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचने के बाद दोनों समुदाय के लोगो के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द को कायम कराया था तथा वाराणसी से शिवलिंग मंगवाकर उसी चबूतरे पर पुन: शिवलिंग की स्थापना कराई गयी थी।
अंजुमन कमिटी ने कार्रवाई के लिए थाने में दिया आवेदन
अंजुमन एलाहुल मुस्लेमीन कमिटी के सदस्यों ने रविवार को भवनाथपुर थाना में लिखित आवेदन देकर शनिवार की रात अरसली उतरी स्थित देवीधाम मन्दिर के प्रांगण में लगे झंडे एवं शिवलिंग को क्षति पहुंचाकर गांव में आपसी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Comments
Post a Comment